• वीर बाल दिवस
भारत में हर साल 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' मनाया जाता है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु 'श्री गुरु गोबिंद सिंह जी' के छोटे साहिबजादों - 'बाबा जोरावर सिंह' और 'बाबा फतेह सिंह' के अद्वितीय बलिदान को याद करने के लिए समर्पित है। 1705 में मुगल शासकों ने दोनों छोटे साहिबजादों को कैद कर धर्म परिवर्तन के लिए घोर यातनाएं दीं, लेकिन उन्होंने सिख धर्म त्यागने से इनकार कर दिया, इस वजह से उन्हें दीवार में जिंदा चिनवा कर शहीद किया गया। बहुत कम उम्र में धर्म, सच्चाई और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देने वाले इन दोनों वीर बालकों के साहस और बलिदान को राष्ट्र सदैव याद रखे, इस उद्देश्य से 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 'वीर बाल दिवस' की घोषणा की थी।
• अमर शहीद ऊधम सिंह की जयंती
महान क्रांतिकारी अमर शहीद ऊधम सिंह का जन्म 26 दिसंबर 1899 का जन्म पंजाब के संगरूर ज़िले के सुनाम गाँव में हुआ था। उन्होंने 13 अप्रैल 1919 ई. को पंजाब में हुए भीषण जलियाँवाला बाग़ हत्याकांड के उत्तरदायी जनरल माइकल ओ'डायर की लंदन में गोली मारकर हत्या कर निर्दोष भारतीय लोगों की मौत का बदला लिया था। 31 जुलाई 1940 को उन्हें 'पेंटनविले जेल' में फाँसी दे दी गयी।
• पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि
डॉ. मनमोहन सिंह भारत के 13वें प्रधानमंत्री थे। उनका जन्म पाकिस्तान में 26 सितंबर सन् 1932 ई. को 'गाह' नामक गाँव में हुआ था। देश के विभाजन के बाद उनका परिवार भारत चला आया। वे एक कुशल राजनेता और प्रशासक के साथ-साथ उच्च कोटि के विद्वान, अर्थशास्त्री और विचारक भी थे। वे 22 मई 2004 से 26 मई 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हुआ।
• मुग़ल बादशाह बाबर का इंतकाल
भारतीय इतिहास में 'बाबर' के नाम से प्रसिद्ध, मुग़ल शासक
'ज़हिर उद-दिन मुहम्मद बाबर' का इंतकाल 26 दिसम्बर 1530 ई. को आगरा में हुआ था। वह भारत में 'मुग़ल वंश का संस्थापक' था। 1526 ई. में पानीपत के प्रथम युद्ध में 'दिल्ली सल्तनत' के अंतिम वंश (लोदी वंश) के 'सुल्तान इब्राहीम लोदी' को पराजित कर बाबर ने 'भारत में मुग़ल वंश की स्थापना' की थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें