रविवार, 28 दिसंबर 2025

आज का इतिहास : 28 दिसंबर की महत्त्वपूर्ण घटनाएँ

 


पंडित सुन्दरलाल शर्मा जी की पुण्यतिथि 


छत्तीसगढ के गांधी के रूप में प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक और साहित्यकार पंडित सुंदरलाल शर्मा जी का निधन 28 दिसंबर 1940 को हुआ था। वे छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में छुआछूत, रूढ़िवादिता और अंधविश्वास के खिलाफ काम किया। वे कंडेल सत्याग्रह के प्रमुख सूत्रधार थे। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा साहित्य के क्षेत्र में उनके नाम पर "पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान" दिया जाता है।


रतन टाटा जी का जन्मदिन 


भारतीय उद्योग जगत की मशहूर हस्ती रतन नवल टाटा जी का जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था। उन्होंने टाटा समूह का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में टाटा समूह ने वैश्विक विस्तार किया। उन्हें नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी सोच के लिए जाना जाता है। उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।


धीरूभाई अंबानी जी का जन्म दिवस 


भारत के अग्रणी उद्यमी और रिलायंस समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी जी का जन्म 28 दिसंबर 1932 को हुआ था। उन्होंने सीमित संसाधनों से शुरुआत कर रिलायंस को भारत की सबसे प्रभावशाली औद्योगिक कंपनियों में स्थापित किया। जोखिम लेने की क्षमता, दूरदर्शिता और आत्मनिर्भर भारत की सोच धीरूभाई अंबानी की उद्यमशील विरासत के प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं।


कुशाभाऊ ठाकरे जी की पुण्यतिथि 


कुशाभाऊ ठाकरे जी (1922–2003) भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख वैचारिक स्तंभ और संगठनकर्ता थे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आए और लंबे समय तक भारतीय जनसंघ व बाद में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने में लगे रहे। 1998 से 2000 तक उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। अनुशासित जीवन, सादगी और कार्यकर्ताओं के बीच गहरी पैठ के कारण वे “संगठन पुरुष” के रूप में पहचाने जाते हैं। 


अरुण जेटली जी का जन्म दिवस 


अरुण जेटली जी (28 दिसंबर 1952 - 24 अगस्त 2019) भारत के प्रमुख राजनेता, प्रखर वक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता थे। वे भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे और केंद्र सरकार में वित्त, रक्षा, कॉर्पोरेट कार्य, सूचना एवं प्रसारण जैसे महत्त्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व संभाला। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST) जैसे ऐतिहासिक कर सुधार को लागू करने में निर्णायक भूमिका निभाई। 


भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का पहला अधिवेशन 


भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का पहला अधिवेशन 28 दिसंबर 1885 को बंबई (अब मुंबई) के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में आयोजित किया गया था। इस अधिवेशन में देश भर के 72 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इसकी अध्यक्षता व्योमेश चन्द्र बनर्जी ने की थी। कांग्रेस की स्थापना में सेवानिवृत्त ब्रिटिश अधिकारी ए.ओ. ह्यूम की प्रमुख भूमिका थी।


कोलकाता में पहली बार बोलती फ़िल्म मेलोडी ऑफ लव प्रदर्शित


28 दिसंबर 1928 को कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) के एल्फिंस्टन पिक्चर पैलेस में पहली बार बोलती फिल्म 'मेलोडी ऑफ लव' प्रदर्शित की गई थी। यह 1928 में निर्मित एक अमेरिकी रोमांटिक फिल्म थी। यह ऐतिहासिक प्रदर्शन मदन थिएटर्स के प्रयास से हुआ, जो भारत में ध्वनि सिनेमा की शुरुआत का संकेत था। भारतीय सिनेमा में पहली आधिकारिक बोलती फिल्म 'आलम आरा' 14 मार्च 1931 में रिलीज़ हुई थी।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें