बुधवार, 24 दिसंबर 2025

इतिहास : 24 दिसंबर की महत्त्वपूर्ण घटनाएँ

 


राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस


'राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस' भारत में प्रतिवर्ष 24 दिसंबर को मनाया जाता है। इसी दिन 1986 में 'उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम' को राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और संरक्षण तंत्र के प्रति जागरूक करना है।


अमर गायक मुहम्मद रफ़ी का जन्म दिवस 


हिंदी सिनेमा के अमर पार्श्व गायक मोहम्मद रफ़ी का जन्म 24 दिसम्बर 1924 को पंजाब में हुआ था। उन्होंने फ़िल्म संगीत में अपने जीवनकाल में हजारों गीतों को आवाज़ दी और उन्हें पद्मश्री, कई फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार तथा राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 


 • वाजपेयी जी को 'भारत रत्न' देने की घोषणा 


भारत सरकार ने 24 दिसंबर 2014 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी और स्वतंत्रता सेनानी पंडित मदन मोहन मालवीय जी (मरणोपरांत) को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित करने की घोषणा की थी। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जी ने 27 मार्च 2015 को वाजपेयी जी को उनके आवास पर यह सम्मान प्रदान किया। 


विश्व भारती विश्वविद्यालय की स्थापना 


 गुरुदेव रबीन्द्रनाथ ठाकुर ने 23 दिसंबर 1921 को शांतिनिकेतन, पश्चिम बंगाल में 'विश्व-भारती विश्वविद्यालय' की स्थापना की थी। वर्ष 1951 में इसे एक केंद्रीय विश्वविद्यालय और 'राष्ट्रीय महत्व का संस्थान' घोषित किया गया। सितंबर 2023 में 'यूनेस्को' ने 'शांतिनिकेतन' को 'विश्व विरासत स्थल' के रूप में मान्यता दी। 


वास्को डी गामा का भारत में निधन 


1498 में यूरोप से भारत का सीधा समुद्री मार्ग खोजने वाले प्रसिद्ध पुर्तगाली खोजी नाविक 'वास्को डी गामा' की मृत्यु 24 दिसंबर 1524 को कोच्चि (केरल) में हुई थी। उन्हें यहीं दफनाया गया, फिर 1538 में उनके अवशेष पुर्तगाल ले जाए गए। 


विश्व शतरंज चैंपियन बने विश्वनाथन आनंद


24 दिसंबर 2000 को विश्वनाथन आनंद ने FIDE विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। वे विश्व शतरंज चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय बने। आगे चलकर 2007, 2008, 2010 और 2012 में भी वे विश्व चैंपियन बने। उनकी सफलता से भारत में शतरंज को व्यापक लोकप्रियता मिली और आगे चलकर कई युवा ग्रैंडमास्टर्स उभरे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें