शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025

20 दिसंबर की महत्वपूर्ण घटनाएं



महात्मा गांधी का प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन 


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की छत्तीसगढ़ की प्रथम यात्रा 20 दिसंबर 1920 को हुई थी, जिसमें वे पंडित सुंदरलाल शर्मा के साथ रायपुर आए थे। धमतरी के कण्डेल सत्याग्रह (नहर सत्याग्रह) के लिए आए गांधीजी ने इस यात्रा के दौरान रायपुर में सभाएं कीं और लोगों को असहयोग आंदोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, जिससे पूरे अंचल में स्वतंत्रता की अलख जगी। रायपुर स्टेशन पर आगमन के बाद, उन्होंने आज के गांधी चौक पर सभा की तथा रायपुर के आनंद वाचनालय (ब्राह्मणपारा) में महिलाओं को संबोधित किया, जहाँ महिलाओं ने उन्हें तिलक स्वराज फंड के लिए अपने गहने भेंट किए।


रॉबर्ट क्लाइव बंगाल के पहले गवर्नर नियुक्त 


1757 ई. में प्लासी के युद्ध में विजय के पश्चात रॉबर्ट क्लाइव को ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा बंगाल का पहला गवर्नर नियुक्त किया गया। यद्यपि उस समय औपचारिक प्रशासन नवाब के नाम पर चलता रहा, परंतु वास्तविक सत्ता कंपनी और क्लाइव के हाथों में केंद्रित हो गई। रॉबर्ट क्लाइव की भूमिका ने भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन की संस्थागत नींव रखी, जिसके कारण क्लाइव को भारत में ब्रिटिश सत्ता का संस्थापक माना जाता है।


• 61वाँ संविधान संशोधन से मताधिकार की आयु 18 वर्ष 


भारतीय लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं को अधिक व्यापक भागीदारी का अवसर देने के उद्देश्य से 61वें संविधान संशोधन द्वारा लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनावों में मताधिकार की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी गई। यह परिवर्तन अनुच्छेद 326 में संशोधन के माध्यम से किया गया। संसद द्वारा यह संविधान संशोधन अधिनियम 20 दिसंबर 1988 को पारित हुआ और 28 मार्च 1989 को प्रभावी हुआ। 


अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस


अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस प्रतिवर्ष 20 दिसंबर को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2005 में इसे घोषित किया, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर मानव एकता, समानता और साझा उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है। इसका उद्देश्य गरीबी उन्मूलन, सामाजिक न्याय और सतत विकास हेतु अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करना है।


एडोल्फ हिटलर की रिहाई 


20 दिसंबर 1924 को, एडोल्फ हिटलर को 1923 के असफल बीयर हॉल पुट्स (तख्तापलट) के लिए राजद्रोह के मामले में नौ महीने की कैद के बाद लैंड्सबर्ग जेल से रिहा कर दिया गया था। जेल में रहते हुए उसने अपनी पुस्तक 'Mein Kampf' लिखना शुरू किया। रिहाई के बाद, उसने नाजी पार्टी को पुनर्गठित किया और 1933 में चांसलर बनने का मार्ग प्रशस्त किया।


भारतीय गोल्फ संघ की स्थापना 


Indian Golf Union (IGU) की स्थापना 20 दिसंबर 1955 को की गई थी। यह भारत में गोल्फ का सर्वोच्च राष्ट्रीय शासी निकाय है, जो नई दिल्ली में स्थित है। यह 194 से अधिक क्लबों के साथ देश में गोल्फ के विकास, अखिल भारतीय एमेच्योर/जूनियर टूर्नामेंटों के आयोजन, और अंतरराष्ट्रीय टीमों (एशियाई खेल) के चयन व प्रशिक्षण के लिए जिम्मेदार है। 


(विभिन्न स्रोतों पर आधारित)




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें