गुरुवार, 25 दिसंबर 2025

इतिहास : 25 दिसंबर की महत्वपूर्ण घटनाएँ



•  अटल जी की जयंती 'सुशासन दिवस'


पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिन लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण भारत में 'सुशासन दिवस' के रूप में मनाया जाता है। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक और प्रखर वक्ता, कवि तथा अत्यंत लोकप्रिय राजनेता थे। वे तीन बार भारत के प्रधानमंत्री बने। पहली बार 16 मई 1996, दूसरी बार 19 मार्च 1998 और तीसरी बार 13 अक्टूबर 1999 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 1998 में पोखरण में पाँच परमाणु परीक्षण कर विश्व को भारत की परमाणु क्षमता का अहसास कराया। कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को धूल चटाई। राष्ट्र के प्रति अमूल्य योगदान के लिए उन्हें 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया। 


पंडित मदनमोहन मालवीय जी की जयंती 


महामना पंडित मदनमोहन मालवीय जी (1861–1946) महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक थे। उन्होंने 1916 में 'बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय' (BHU) की स्थापना की, जो भारत के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक है। राष्ट्र सेवा में अतुलनीय योगदान के लिए 2014 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

 

Christmas Day 

 

क्रिसमस ईसा मसीह या यीशु (Jesus Christ) के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाला पर्व है। यह 25 दिसंबर को पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिन मसीही समाज के लोग अपने आराध्य प्रभु यीशु की आराधना करते हैं, जिन्होंने दुनिया को प्रेम, क्षमा, करुणा का संदेश दिया। उनके आगमन की खुशी में अपने घरों की विशेष साज-सज्जा कर एक-दूसरे को उपहार देते हुए खुशियाँ बाँटते हैं। 


गोर्बाचोव के त्यागपत्र के साथ सोवियत संघ का अंत 


25 दिसंबर 1991 को सोवियत राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचेव के इस्तीफे के साथ ही सोवियत संघ का आधिकारिक तौर पर अंत हो गया। सोवियत संघ के विघटन से रूस, यूक्रेन, बेलारूस, अज़रबैजान, जॉर्जिया, आदि 15 स्वतंत्र गणराज्यों का उदय हुआ। 


चार्ली चैपलिन का निधन 


 हॉलीवुड के मूक फिल्मों के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक चार्ली चैपलिन का निधन 25 दिसंबर 1977 को स्विट्जरलैंड में हुआ। अपनी प्रतिष्ठित "द ट्रैम्प" (The Tramp) भूमिका के लिए मशहूर, चैपलिन का 75 वर्षों का करियर मूक सिनेमा के सुनहरे दौर का प्रतीक रहा। 


धर्मवीर भारती जी का जन्म दिवस 


धर्मवीर भारती जी (1923–1997) आधुनिक हिन्दी साहित्य के महान रचनाकार थे। उनका उपन्यास 'गुनाहों का देवता' तथा काव्य-नाटक 'अंधा युग' हिन्दी साहित्य की कालजयी कृतियाँ हैं। वे लंबे समय तक 'धर्मयुग' पत्रिका के संपादक रहे और साहित्य को आधुनिक संवेदनाओं से जोड़ा।


संगीतकार नौशाद का जन्म दिवस 


नौशाद (1919–2006) हिन्दी सिनेमा के सर्वाधिक प्रभावशाली संगीतकारों में से एक थे। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत को लोकप्रिय फिल्म संगीत से जोड़ा। बैजू बावरा, मुग़ल-ए-आज़म और मदर इंडिया जैसी फिल्मों में उनका संगीत भारतीय फिल्म संगीत की धरोहर माना जाता है। 


• सर आइज़ैक न्यूटन का जन्म दिवस 


सर आइज़ैक न्यूटन  (1642–1727) विश्व इतिहास के महानतम वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं। उन्होंने 'गति के नियम' और 'सार्वत्रिक गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत' प्रतिपादित किया। उनकी पुस्तक 'प्रिंसिपिया' आधुनिक भौतिकी की आधारशिला मानी जाती है। 


ज्ञानी ज़ैल सिंह जी की पुण्यतिथि 


ज्ञानी ज़ैल सिंह (1916–1994) भारत के सातवें राष्ट्रपति थे। वे स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े रहे और पंजाब के मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय गृह मंत्री भी रहे। राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल भारतीय राजनीति के एक जटिल दौर से जुड़ा रहा, फिर भी वे सादगी और जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं।


• चक्रवर्ती राजगोपालाचारी जी की पुण्यतिथि 


चक्रवर्ती राजगोपालाचारी जी (1878–1972) स्वतंत्रता सेनानी, विचारक और प्रशासक थे। वे स्वतंत्र भारत के अंतिम गवर्नर जनरल रहे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और भारत के गृहमंत्री के रूप में भी उन्होंने सेवा दी। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें