रविवार, 16 जुलाई 2023

हरियाली का उत्सव, बहारों का जश्न है... हरेली

हरेली का त्योहार वास्तव में हरियाली का उत्सव है, बहारों का जश्न है। भीषण गर्मी से तपती धरती और तपते आकाश को भी सुकून मिलता है जब घटाएं उमड़-घुमड़कर बरसती हैं। जल ही जीवन का आधार है और वर्षा समस्त जीव जगत के लिए प्रकृति का प्यार है। सावन के बादल जब झूमकर बरते हैं, तब प्रकृति मुस्कराती है और जिन्दगी नई अंगड़ाई लेती है। यही बहारों का मौसम होता है। चारों ओर हरियाली होती है। ऐसा प्रतीत होता है कि धरती ने नई हरी चुनर ओढ़ ली है। ऐसे समय में खुशी की बयार लेकर आता है हरेली का त्योहार।


सावन की अमावस छत्तीसगढ़ के लिए बहुत खास होती है, बहुत खास होती है हरेली। क्योंकि यहां के लोग जंगल, नदी, पहाड़ और खेती-खार यानी प्रकृति से अभिन्न रूप से जुड़े हुए हैं। प्रकृति से हमारे रिश्ते को और मजबूत करने का त्योहार है हरेली। धरती की हरितिमा की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है हरेली। हरियाली को बचाने और बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की परंपरा है हरेली। इसके साथ ही आबाद बस्तियों के लोगों से लेकर खेती-खार, जंगल, नदी, पहाड़ों तक सबकी सलामती और कुशलता की कामना है हरेली। परंपराएं यूं ही नहीं चली आती सैकड़ों सालों से, परंपराओं के साथ होता है पीढ़ियों का अनुभव, परंपराओं में छुपे होते हैं लोकहित के संदेश। हरेली पर्व में भी कुछ ऐसी परंपराएं या रस्में हैं, जिनके मायने और नीहित संदेशों को गहराई से जाने बिना हरेली त्योहार के मूल अर्थ को जान पाना कठिन है। तो आइए हरेली की उन परंपराओं की बात करते हैं, जो लगते तो सहज हैं, किंतु असल में गहरे भाव अर्थ समेटे हुए हैं। गौर कीजिए... महसूस कीजिए, हरेली की परंपराएं हमसे कुछ कहती हैं... हरेली कुछ कहती है...।



*पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता की मिसाल है हरेली :

पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है कि हम धरती की हरियाली को बचाए रखें। हरियाली के बिना जीवन का अस्तित्व नहीं रहेगा। हरियाली है तभी खुशहाली भी है। यह अहम संदेश पीढ़ी-दर-पीढ़ी सरलता के साथ और प्रभावी ढंग से पहुंचती रहे, शायद इसी कारण हमारे पूर्वजों ने हरेली त्योहार मनाने की पंरपरा शुरू की होगी। सावन का महीना पौधरोपण के लिए बेहतर समय होता है। हरेली सावन अमावस्या को मनाई जाती है। इस समय तक खेतों में जोताई बोआई का कार्य पूरा हो जाता है और खेती-किसानी की व्यस्तता से कुछ अवकाश का क्षण होता है। यह वह समय होता है जब पेड़-पौधे लगाकर उन्हें सुरक्षित किया जा सकता है। हरेली में हर घर के दरवाजे पर और खेत-खलिहानों में नीम या भेलवा नामक औषधीय पौधे की डंगाल खोंसने, अरंडी के पत्तों में पशुओं को लोंदी खिलाने, गेंड़ी बनाने, नागर यानी हल और कृषि औजारों की पूजा... ऐसी कई रस्में निभाई जाती हैं, जिनके माध्यम से लोगों को पेड़-पौधों की महत्ता का ज्ञान या स्मरण सहज रूप से हो जाता है। इसलिए यह त्योहार पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता की शानदार मिसाल है। पारंपरिक जन-जागरूकता का ही परिणाम है कि देश के वन क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का सबसे अहम स्थान है और अभी यहां का 44.21 प्रतिशत से अधिक भू-भाग वनाच्छादित है। 

*बनगोंदली और दसमूल प्रसाद परंपरा में सेहत सुरक्षा का ख्याल :

यह ऐसा प्रसाद है जो हरेली त्योहार के दिन सुबह गांवों के गौठानों में ही मिलता है। ये प्रसाद धेनु चराने का काम करने वाले चरवाहे राउत जन ही बांटते हैं। असल में गांवों के जंगलों से चरवाहे राउतों से अधिक परिचित कौन हो सकते हैं। धेनु चराते वो जंगल की जड़ी बूटियां और कंदमूल आसानी से ले भी आते हैं। बनगोंदली और दसमूल भी औषधीय गुणों से युक्त कंद-मूल हैं, जो छत्तीसगढ़ के जंगलों में पाए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर रदालू कांदा, बनकांदा, दसमूर, दसमुड़ ऐसे कई अलग-अलग नामों से भी जाना जाता है। हरेली के पहले चरवाहे राउत जन जंगल से ये कंद-मूल खोदकर लाते हैं, बड़े बर्तन में उबालते हैं और हरेली की सुबह गौठान में गांव वालों को काढ़ा सहित प्रसाद के रूप में बांटते हैं। गांव के लोग, बच्चे भी यह कंद-मूल रुचि से खाते हैं। माना जाता है कि औषधीय गुणों से भरे इन कंद-मूलों के सेवन से बरसाती मौसमी बीमारियों, संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से लड़ने के लिए शरीर सशक्त बनता है और बचाव कर पाता है। बरसात का मौसम जन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है, अपने आस-पास उपलब्ध प्राकृतिक जड़ी-बूटियों का सेवन कर हम किस प्रकार अपनी सेहत की रक्षा कर सकते हैं, इसका संदेश इस परंपरा से मिलता है।


*आटा और नमक लोंदी खिलाने की परंपरा में पशुधन की परवाह :

बरसात का मौसम लोगों के लिए ही नहीं, पशुधन के लिए भी अत्यधिक चुनौतीपूर्ण होता है। इसलिए जन स्वास्थ्य के साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखना जरूरी है। बरसात में नई-नई हरी-हरी घास पशुओं को लुभाती है, लेकिन घास चरते समय मिट्टी में मौजूद सूक्ष्म जीवाणुओं, वायरस या बैक्टीरिया की चपेट में आ सकते हैं। पशुओं को इस समय भूजन्य रोगों का खतरा अधिक होता है। हरेली के दिन गौठान में पशुओं को दशमुड़ और बनकांदा के अलावा नमक और गेंहू आटे की लोंदी खिलाई जाती है। खम्हार पत्ता या अरंडी पत्ता में लपेटकर नमक और आटे की लोंदी को खिलाया जाता है। नमक पाचन के लिए और गेंहू आटा की लोई पोषण में सहायक होती है। यह पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का प्रयास है। एक लोई खिलाने से पशु को पोषण नहीं मिल जाता, यह संदेश है कि पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण का पूरा ख्याल रखें, जरूरत पड़े तो गेंहू आटे की लोई भी खिलाएं, क्योंकि पशु हमारी कृषि के प्रमुख आधार हैं और कृषि हमारे जीवन व संस्कृति का आधार है। हरेली के दिन घरों में कृषि औजारों की पूजा कर गुरहा चीला यानी गुड़ से बना चीला, गुलगुला बोबरा आदि खास पकवान खाने की परंपरा भी पोषण का ही हिस्सा है। स्वास्थ्य और सेहतमंद रहने के लिए अच्छा आहार भी आवश्यक है।




*पर्यावरण के अनुकूल हैं छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाएं :

छत्तीसगढ़ सरकार की तमाम योजनाएं और कार्यक्रम प्रकृति और पर्यावरण के अनुकूल हैं। सुराजी गांव योजना के तहत इसके चार घटकों नरवा, गरवा, घुरवा और बारी कार्यक्रम के तहत जो कार्य किए जा रहे हैं उसमें प्रकृति की सेवा-सुरक्षा और जनकल्याण मूल भाव है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की इस सोच के अनुसार धरातल पर हो रहे कार्यों का व्यापक और गहरा प्रभाव अब परिलक्षित होने लगा है। नरवा कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 12743 बरसाती नदी-नालों का ट्रीटमेंट कर उन्हें पुनर्जीवित किया गया है। उनके जल धारण क्षमता में बढ़ोतरी से भू-जल स्तर में जबरदस्त सुधार हो रहा है। इससे जंगलों में हरियाली का बढ़ना भी स्वाभाविक है, और जीव-जन्तुओं के लिए अनुकूलता भी। नदियों के तटों पर लाखों की संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं। इस साल नदी तट वृक्षारोपण योजना के तहत हसदेव, गागर, बांकी, बुधरा, बनास, जमाड़, महानदी, शिवनाथ, खारून नदी के तट पर 4 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। किसानों को वाणिज्यिक प्रजाति के वृक्षारोपण हेतु प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना भी लागू की गई है। शहरों में नए ऑक्सीजोन के रूप में कृष्ण कुंज आकार ले रहे हैं।

विशेष आलेख - ✍️ ललित मानिकपुरी