शुक्रवार, 3 जून 2011

छेरछेरा... माई कोठी के धान ल हेरहेरा...


छेरछेरा... माई कोठी के धान ल हेरहेरा...
         
यह पंक्तियां पूस पूर्णिमा के दिन द्वार-द्वार, गली-गली, और गांव-गांव में किसी जन नारे की तरह गूंजती हैं, जब समूचे छत्तीसगढ़ में छेरछेरा का त्योहार अन्न दान के उत्सव के रूप में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। 

युवा-बालवृंदों की दस्तक इन पंक्तियों का उद्‌घोष के साथ द्वार-द्वार पर होती है और हर द्वार पर मौजूद बड़े-बुजुर्ग उनकी टोकरी या थैलों में मुट्ठी-मुठ्ठीभर धान डालते जाते हैं।

 बच्चों का उत्साह देखते ही बनता है। वे एक से दूसरे द्वार दौड़-दौड़कर जाते हैं। वहीं युवा भी जोड़ियों या समूहों में पूरी बस्ती छान मारते हैं।

 रामायण-कीर्तन मंडलियां कीर्तन करते हुए आती हैं, तो पंथी आदि लोकनृत्य करने वाले बाजे-गाजे के साथ लोकनृत्यों की छटा बिखेरते चलते हैं। 

नाचा-नौटंकी वाले नजरिया परी (नचनिया) के साथ नाच-गान करते हुए धान बटोरते हैं, तो लीला मंडलियां भी लीला मंचन के दौरान प्रस्तुत धार्मिक झांकियों में ग्रामीणों द्वारा अर्पण किए गए धान को भी इसी दिन एकत्र करती है।

घर-घर से धान मांगने की इस परंपरा को 'छेरछेरा मांगना' या 'छेरछेरा कूटना' कहा जाता है।

धान का दान देने और लेने का यह त्योहार किसी धार्मिक या पौराणिक मान्यता अथवा इतिहास के किसी घटना या पात्र विशेष की भूमिका पर आधारित नहीं है, बल्कि यह विशुद्ध रूप से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित एक प्रमुख त्योहार है।

 इसमें अन्न दान की परंपरा का निर्वहन एक लोक-उत्सव के रूप में होता है। इस दिन लोग जी भर कर मॉंगते हैं और दिल खोल देते हैं। हर द्वार पर मांगने वालों का तांता लगा रहता है और किसी को खाली नहीं लौटाया जाता।

 इस दिन न मांगने में संकोच किया जाता है और न देने में। इसके मूल में सामाजिक समरसता, भाईचारा, समानता और सहअस्तित्व की भावना है। इस दिन अमीर-गरीब, छोटे-बड़े, जाति-पाति का कोई भेद नहीं होता। कर्म, दान और धर्म का पालन करते हुए सर्वमंगल और सुख-सम्मृद्धि की कामना का सहज प्रकटीकरण छेरछेरा पर्व रूप में होता है।

छेरछेरा का त्योहार वस्तुतः ग्रामीण अंचल का त्योहार है। यह पूस के महीने में पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। जब खेतिहर किसान-मजदूर परिवारों का वर्षभर का कठिन परिश्रम अन्न के रूप में साकार होकर उनकी कोठियों में भर जाता है। फसल की कटाई-मिंजाई का कार्य पूर्ण हो चुका होता है। 

खेतिहर परिवारों के लिए यह खेत और खलिहानों के परिश्रमपूर्ण कार्य से अवकाश का क्षण होता है। घर में फसल के रूप में श्री लक्ष्मी का वास और खेती के कार्य से अवकाश का यह समय आनंद से परिपूर्ण होता है। यह भ्रमण, मनोरंजन के साथ पारंपरिक मेले-मंड़ई, तीर्थाटन और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लेने का समय होता है।


 फसल प्राप्ति की प्रसन्नता में ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पूजा-पाठ के साथ किसान छेरछेरा के पर्व पर समूचे गांव को धान का दान इसलिए करते हैं, ताकि अवकाश के इस क्षण को आनंदपूर्वक व्यतीत करने के लिए किसी की जेब खाली न रहे। विशेषकर बच्चों और युवाओं को दिल खोलकर धान दिया जाता है। 

एक तहर से अच्छी फसल होने की खुशी में यह उन्हें ईनाम स्वरूप दिया जाता है। वहीं बच्चे और युवक भी बड़े अधिकारपूर्वक घर-घर जाकर धान मांगते हैं। 

छेरछेरा त्योहार के इस सूक्ति वाक्य 'छेरछेरा... माई कोठी के धान ल हेरहेरा' में भी यही भाव छिपा हुआ है। द्वार पर आने वाले बच्चों और युवाओं का समूह इस सूक्ति वाक्य में यह कहता है कि यदि सूपा और टोकरियों में रखा धान दान देते-देते खत्म हो गया हो, तो प्रमुख भंडार (कोठी) के धान को निकालकर दीजिए। 

द्वार-द्वार घूमते हुए थैला या टोकरियां कब भर जाती हैं पता ही नहीं चलता। छेरछेरा में मिले धान को बेचकर वे अच्छी राशि प्राप्त कर लेते हैं।

गांवों में बच्चों को छेरछेरा की प्रतीक्षा रहती है। उन्हें न केवल खई-खजानी के लिए रुपए मिल जाते हैं, बल्कि उनकी अन्य छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी पैसे की व्यवस्था हो जाती है।

 गांव की रामायण, लीला, नाटक मंडलियों, अखाड़ा दल, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों को भी आर्थिक उर्जा छेरछेरा के दिन ही मिलती है। छेरछेरा के बाद गांव के बच्चों और युवाओं की कितनी ही क्रिकेट टीमें तैयार हो जाती हैं। नए-नए बेट, बॉल आदि सामान मिलने से उनका उत्साह छलकने लगता है।

 छत्तीसगढ़ में अन्नदान की परंपरा के रूप में मनाया जाना वाला इस पर्व की शुरुआत कब हुई यह कहना मुश्किल है। नदी-नाले, वन और खनिज संपदा से भरपूर छत्तीसगढ़ के वासी गरीबी और अभावों में जरूर जीते रहे हैं, लेकिन उनके व्यवहार में देने या बांटकर खाने की भावना सहज और स्वाभाविक रूप से रची-बसी है। 

छेरछेरा का त्योहार छत्तीसगढ़वासियों की सहज दानशीलता को अभिव्यक्त करता है। द्वार पर आने वाले को कभी भी खाली हाथ नहीं लौटाया जाता। छेरछेरा पर अन्न दान की परंपरा के प्रति लोग इस कदर भावनाशील व निष्ठावान हैं कि, जिसके पास खेत नहीं होता वह भी अन्न दान करने से पीछे नहीं हटता।

 जिनकी जमीन में धान की फसल नहीं होती या उदरपोषण के लिए जो कोदो-कुटकी की उगा पाते हैं वे भी छेरछेरा के दिन अपनी उपज का दान करने में प्रसन्नता अनुभव करते हैं।

छेरछेरा का त्योहार ऐसे समय पर होता है, जब देने के लिए हर घर में धान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होता है। किसानों की कोठियां भरी होती हैं, परछी से आंॅगन और देहरी तक भी धान बोरियों, सूपों या टोकरियों में ऐसे रखे होते हैं।

 कुछ धान बेचकर लोग अपने बच्चों या युवाओं को उनके मनोरंजन या अन्य जरूरतों के लिए पैसा दे सकते हैं। घर-घर घूमकर छेरछेरा मांगकर वे जितनी मात्रा में धान एकत्र करते हैं उससे अधिक मात्रा में उन्हें अपने ही घर से सहजता से मिल सकता है, फिर ऐसी परंपरा की क्या जरूरत। 

छेरछेरा की परंपरा इस कारण भी मायने रखती है कि यहां सिर्फ अपने घर के ही नहीं वरन पूरे गांव के बच्चों को समान रूप से धान दिया जाता है। इससे गांव के सभी बच्चों और युवाओं की मंडलियों को लगभग समान रूप से रुपए प्राप्त हो जाते हैं।

 इस राशि को वे अपनी कमाई के बतौर मनमर्जी खर्च कर सकते हैं। छेरछेरा की कमाई से कोई बच्चा सप्ताहभर टिकिया-बिस्कुट खाता है तो कोई नया कुर्ता सिला लेता है या खिलौने खरीद लेता है। समय के साथ बच्चों की पसंद बदल रही है और अब बच्चे क्रिकेट का बल्ले और गेंद लेना पसंद करते हैं। छेरछेरा के बाद नए बेट-बॉल से लैस कई टीमें तैयार हो जाती हैं। 

हम स्कूल के लिए छेरछेरा मांगते थे, स्कूल के बच्चों के साथ शिक्षक भी होते थे। हमें हर घर से अपेक्षाकृत कुछ ज्यादा ही धान मिलता था। पूरे गांव से मिले धान को बेचकर जो राशि मिलती थी उसमें से दो-दो, चार-चार रुपए बच्चों को बांट दिए जाते थे और शेष राशि गुरुजी के पास जमा कर दी जाती थी। इस राशि से गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए जाते थे। पुरस्कार के आकर्षण और गुरुजनों की प्रेरणा से बड़ी संख्या में बच्चे गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में उत्साह से भाग लेते थे।

 इस त्योहार को मनाने के लिए कोई विशेष अनुष्ठान या कर्मकांड की आवश्यकता नहीं पड़ती और न ही नए वस्त्र-परिधानों की अपेक्षा की जाती है। लोग जैसे हैं उसी स्थिति में ही यह त्योहार हर्ष और उल्लास के साथ मनाते हैं। 

यह जरूर है कि छेरछेरा के अवसर पर अनेक स्थानों पर मड़ई-मेला का आयोजन होता है, जिसमें लोग सज-धजकर आते हैं और खूब आनंद लेते हैं।

तुरतुरिया मेला और बिरकोनी (महासमुंद) का चंडी मेला पौष पूर्णिमा पर लगने वाले प्रमुख मेले हैं, जहां हजारों की भीड़ पहुंचती है। इन मेलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है। जिसमें छत्तीसगढ़ के मजे हुए लोक कलाकारों की टीम अपनी मनभावन प्रस्तुति से दर्शकों को पूरी रात बांधे रखती हैं।

समय के साथ अन्य त्योहार की भांति छेरछेरा त्योहार के स्वरूप में भी परिवर्तन हो रहा है। टिकिया-बिस्कुट या खिलौने के लिए बच्चे अब छेरछेरा के धान के भरोसे नहीं रहते। खेती ही अब एकमात्र आय का जरिया नहीं रही, विभिन्न स्रोतों से ग्रामीणों की आमदनी भी अब बढ़ गई है। 

साधारण परिवार के बच्चों को भी इतनी तो मिल ही जाती है कि खिलौना या खेल का कोई सामान लेने के लिए उन्हें सालभर छेरछेरा त्योहार की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती।  बदलते परिवेश में छेरछेरा मांगने के लिए टोकरी या थैला लेकर घर-घर जाने में युवा ही नहीं बच्चे भी संकोच करने लगे हैं। 

पहले संपन्न घरों के लोग भी अपने बच्चों को निःसंकोच इस परंपरा का भागीदार बनाते थे, लेकिन अब ऐसे परिवारों के बच्चे इस पंरपरा से दूर हो रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में तो इस त्योहार का पता भी नहीं चलता। शहरों के बहुतेरे बच्चे छेरछेरा त्योहार और इसकी परंपरा में कोई रुचि नहीं रखते। बल्कि इसमें भी संदेह है कि वे इस त्योहार की परंपरा से परिचित भी होंगे।

बावजूद इसके छेरछेरा का त्योहार छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख त्योहार है और ग्राम्यांचल में इस त्योहार पर अन्न दान की परंपरा का निर्वहन जिन सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों और जिन भावनाओं के साथ किया जाता है, वह अन्यत्र दुर्लभ है। यही छत्तीसगढ़ की विशेष पहचान है।

- ललित मानिकपुरी, बिरकोनी, महासमुंद, (छ.ग.)


#छेरछेरा 
#chherchhera
#chhattisgarh #Chhattisgarh_culture #chhattisgarh_festival

गुरुवार, 2 जून 2011

कुष्ठ और संसद

मित्र ने कहा, कितना अच्छा है न कि आप और हम कुष्ठ रोगी नहीं हैं? मैंने कहा कि हां, लेकिन आज अचानक यह सवाल आपके मन में कैसे आ गया, क्या कुष्ठ रोगियों की भयानक पीड़ा का अहसास हो गया? कितना अच्छा होता कि आप और हम कुष्ठ रोगियों की सेवा में कुछ कर पाते। यदि आप ऐसा कुछ करने की सोंच रहे हैं तो बहुत विचार बहुत अच्छे हैं। कुष्ठ पीड़ितों को नारकीय जीवन जीना पड़ता है। उनके हाथ-पैर धीरे-धीरे गल जाते हैं। भयानक पीड़ा होती है। इससे भी अधिक पीड़ा तब होती है जब इस रोग के कारण उन्हें समाज में घृणा की दृष्टि से देखा जाता है। उन्हें पापी कहकर धिक्कारा जाता है। परिवार के सगे संबंधी भी मुंह फेर लेते हैं, उन्हें उनके हाल पर छोड़ देते हैं। उन्हें उनके ही घर और गांव से निकाल दिया जाता है। अपने तन और मन की भयानक पीड़ा को सहते हुए वे सड़कों पर भीख मांगने के लिए विवश हो जाते हैं। जरा सोचों कि यह रोग हमें होता तो हम पर क्या बीतती।
मित्र ने कहा कि अरे भाई आप तो कुष्ठ रोगियों की कथा सुनाने लगे, मैं उनकी नहीं अपने बारे में सोचने को कह रहा हूं। चुनाव आ रहा है पार्टियों की टिकट बट रही है। कोशिश हमें भी करनी चाहिए। अभी से दावा करेंगे तो आगे चलकर कभी न कभी टिकट मिल ही जाएगी। हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था महान है। आम आदमी भी देश के संसद में पहुंच सकता है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी बन सकता है। इसके लिए आदमी के रंग-रूप, वेश-भूषा, कद-काठी, जात-पात की कोई बाधा नहीं। वह भारत का नागरिक होना चाहिए चाहे वह भारत के किसी भी कोने का निवासी हो। उसका पढ़ा लिखा होना भी आवश्यक नहीं। अंगूठा छाप हो तो भी चलेगा। डाकू और हत्यारे भी चुनाव जीतकर सांसद, मंत्री बन जाते हैं। हम तो फिर भी ठीक हैं।
मैंने कहा कि आप तो कुष्ठ रोगियों की बात कर रहे थे, अचानक चुनाव की चर्चा करने लगे। मित्र ने कहा, आप इतना भी नहीं समझते कि कुष्ठ रोग हो गया तो सारी योग्यता होते हुए भी हम संसद में नहीं पहुंच पाएंगे। संसद क्या, विधानसभा के सदस्य भी नहीं बन पाएंगे। आदमी को और कोई भी बीमारी हो तो कोई बात नहीं, लेकिन कुष्ठ रोग नहीं होना चाहिए। देखते नहीं, हमारे नेता सांसद, विधायक या मंत्री बनते ही किस तरह विदेशों में जाकर अपनी बीमारियों का इलाज कराते हैं। उन्हें तरह-तरह की बीमारियां होती हैं। नींद की बीमारी होने के कारण कई सांसद, संसद की कार्रवाई की दौरान सोते रहते हैं। हंगामा से भी उनकी नींद नही टूटती। कई को तो ऐसी भी बीमारियां होती हैं, जिनका फ़िलहाल कोई इलाज नहीं है। भ्रष्टाचार, बेइमानी, झूठ, फरेब  उनकी रगों में समा गया है। सत्ता की भूख निरंतर बढ़ती जाती है। स्वार्थ के चलते वे कभी अंधे, गूंगे और बहरे बन जाते हैं तो कभी जाति-धर्म के नाम पर दंगे-फसाद  कराते हैं। निर्दोष जनता का खून बहाते हैं। फिर  भी उन्हें यह एहसास भी नहीं होता कि उनका और जनता का हाल देखकर भारत माता खून के आंसू रो रही है।
मित्र ने कहा कि इतनी गंभीर बीमारियां होते हुए भी पीड़ित नेताओं पर चुनाव लड़ने के लिए कोई रोक नहीं है परन्तु, कुष्ठ रोगी के लिए है।
मैंने कहा कि मित्र चिकित्सा विज्ञान तो कहता है कि कुष्ठ लाइलाज नहीं है, फिर  वर्षों पूर्व बने नियम-कानून के तहत कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्ति को संसद या विधानसभा का सदस्य बनने से अब भी क्यों वंचित किया जा रहा है। मित्र ने कहा  अजी आप भी नहीं समझते, कुष्ठ रोगियों को दर्द का एहसास होता है। यानी वे दर्द का एहसास कर सकते हैं। सोंचों भला कि पुराने प्रावधान में संसोधन कर उन्हें सांसद या विधायक बनने का पात्र मान लिया गया और वे चुनाव जीत गए तो क्या होगा? संसद या विधानसभा में ऐसे लोग पहुंचने लगेंगे जिन्हें दुख-दर्द का एहसास होता है। वे जनता के भी दुख-दर्द का एहसास कर लेंगे। ऐसे में भला हमारे आदरणीय नेताओं की राजनीति कैसे चल पाएगी।

शनिवार, 28 मई 2011

छत्तीसगढ़ का 'पंथी' A wonderful folk dance of Chhattisgarh "Panthi"


सतनाम के हो बाबा, पूजा करौं सतनाम के ।
सतकाम के हो बाबा, पूजा करौं जैतखाम के ॥

धधक तीन...धधक तिन...मांदर की थाप, लय में लय मिलाती झांझ की झनकार... बाबा की जयकार... और शुरू होता है 'पंथी'। सत्यनाम का सुमिरन करते हुए गोल घेरे में खड़े पंथी दल के नर्तक संत गुरु घासीदास बाबा की स्तुति में यह गीत शुरू करते हैं। मुख्य नर्तक पहले गीत की कड़ी उठाता है, जिसे अन्य नर्तक दोहराते हुए नाचना शुरू करते हैं। मुखड़ा दोहराने के बाद अंतरा गाया जाता है।

सादा तोर झंडा बाबा, सादा तोर चौरा हे
सादा तोर चौरा हे ...................

प्रारंभ में गीत, संगीत और नृत्य की गति धीमी होती है। अंतरा के उपरांत पुनः मुखड़े पर आते ही गति बढ़ जाती है। जैसे-जैसे गीत आगे बढ़ता है और मृदंग की लय तेज होती जाती है, वैसे-वैसे पंथी नर्तकों की आंगिक चेष्टाएं तेज होती जाती हैं। 

गीत के बोल और अंतरा के साथ ही नृत्य की मुद्राएं बदलती जाती हैं, बीच-बीच में मानव मीनारों की रचना और हैरतअंगेज कारनामें भी दिखाए जाते हैं। इस दौरान भी गीत, संगीत व नृत्य का प्रवाह बना रहता है और पंथी का जादू सिर चढ़कर बोलने लगता है। 

प्रमुख नर्तक बीच-बीच में अहा, अहा... शब्द का उच्चारण करते हुए नर्तकों का उत्साहवर्धन करता है। गुरु घासीदास बाबा का जयकारा भी लगाया जाता है। थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद प्रमुख नर्तक सीटी भी बजाता है, जो नृत्य की मुद्राएं बदलने का संकेत होता है।

 नृत्य का समापन तीव्र गति के साथ चरम पर होता है। वस्तुतः यह अत्यंत द्रुत गति का नृत्य है। इसमें गति और लय का अदभुत समन्वय होता है। इस नृत्य की तेजी, नर्तकों की तेजी से बदलती मुद्राएं एवं देहगति दर्शकों को आश्चर्यचकित कर देती है।



पंथी नर्तकों की वेशभूषा सादी होती है। सादा बनियान, घुटने तक सादा धोती, गले में हार, सिर पर सादा फेटा और माथे पर सादा तिलक। अधिक वस्त्र या श्रृंगार इस नृर्तकों की सुविधा की दृष्टि से अनुकूल भी नहीं। 

यह नृत्य इतना अधिक श्रमसाध्य है कि, घंटों नाचते-नाचते नर्तक का शरीर उष्मा से भर जाता है, पसीना से तरबतर हो जाता है। समय के साथ वेशभूषा में कुछ परिवर्तन आया है। अब रंगीन कमीज और जैकेट भी पहना जा रहा है। मांदर एवं झांझ पंथी के प्रमुख वाद्य यंत्र होते हैं। अब बेंजो, ढोलक, तबला और केसियो का भी प्रयोग होने लगा है।

पंथी छत्तीसगढ़ का एक ऐसा लोकनृत्य है, जिसमें आध्यात्मिकता की गहराई है, तो भक्त की भावनाओं का ज्वार भी है। इसमें जितनी सादगी है, उतना ही आकर्षण और मनोरंजन भी है। 

इस नृत्य में उतना ही अधिक श्रम भी लगता है। ऐसा संगम अन्य किसी लोकनृत्य में दुर्लभ है। पंथी की यही विशेषताएं इसे अनूठा बनाती हैं।

वास्तव में 'पंथी', धर्म, जाति, रंग-रूप आदि के आधार पर भेदभाव, आडंबरों और मानवता के विरोधी विचारों का संपोषण करने वाली व्यवस्था पर, हजारों वर्षों से शोषित और दलितों का करारा, किन्तु सुरमय और सुमधुर प्रहार है।

सुहानी मोला लागे हो घासीदास के बोली।
सुहानी मोला लागे हो बाबा जी के बोली॥
जाति पाति हे सब बरजाई,
छुआछूत हे बड़ दुखदाई।
एकता में हावै भलाई हो बाबा जी के बोली।
सुहानी मोला लागे हो घासीदास के बोली॥




'पंथी' छत्तीसगढ़ की सतनामी जाति के लोगों का पारपंरिक नृत्य है, जो सतनाम पंथ के पथिक हैं। इस पंथ की स्थापना छत्तीसगढ़ के महान संत गुरु घासीदास ने की थी। उनका जन्म सन्‌ १७५६ में छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गिरौद ग्राम में हुआ था और उनकी मृत्यु १८५० में भंडार ग्राम में हुई। ये दोनों ग्राम गिरौदपुरी और भंडारपुरी के नाम से प्रसिद्ध हुए। 

यहां सतनाम पंथ के धर्मगुरुओं की वंशगद्दी परंपरा प्रचलित हैं, जहां प्रतिवर्ष गुरुदर्शन मेले में लाखों की संख्या में बाबा के अनुयायी पहुंचते हैं। तीन दिनों के मेले में यहां पंथी की निराली छटा बिखरती है। पंथी के कई नर्तक दल अपनी प्रस्तुति से हजारों-लाखों लोगों का मन मोह लेते हैं।

गिरौद जाबो हो, भंडार जाबो हो, अपन गुरु के दर्शन पाबो हो।
नरियर फूल चढ़ाबो हो, मन के मनौती मनाबो हो।

संत गुरु घासीदास ने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं का बचपन से विरोध किया। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत की भावना के विरूद्ध 'मनखे-मनखे एक समान' का संदेश दिया। दलित-शोषितों को सतनाम पंथ का मार्ग दिखाया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सदाचार, सदकर्म, प्रेम और भाईचारा का संदेश दिया। उनका जीवन-दर्शन और आदर्श मानव समाज की विशेष धरोहर है।

सतनाम के ध्वजा लहरा दिए बाबा तैं,
गांव-गांव में होगे अंजोर...
छाता पहाड़ म धूनी रमाए बाबा,
सत रूप आगी म तन ल तपाए बाबा।
गांव-गांव म होगे अंजोर...

संत गुरु घासीदास ने शोषित-पीड़ित समाज को सतनाम के जहाज पर बिठाकर दुख, दारिद्र और अज्ञानता के भंवर से उबारने का स्तुत्य कार्य किया। इसका सुखद स्मरण करते हुए बाबा के अनुयायी अपनी हृदय की वेदना को, अपनी सदकामना को और अपने परम प्रिय आराध्य से मिलन की अभिलाषा को पंथी के माध्यम से अभिव्यक्त करते हैं।

तैं उबार लेबे बाबा, छोटे-छोटे लइका हन उबार लेबे।
तैं उबार लेबे बाबा, गिरे पड़े मनखे हन उबार लेबे॥

बाबा की जयंती १८ दिसंबर से माहभर व्यापक उत्सव के रूप में समूचे छत्तीसगढ़ में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई जाती है। इस उपलक्ष्य में गांव-गांव में मड़ई-मेले का आयोजन होता है। इस दौरान सतनाम के प्रतीक स्तंभ 'जैतखाम' पर पालो चढ़ाया जाता है। यानी नया श्वेत ध्वजा फहराया जाता है। इस दौरान 'जैतखाम' के आसपास बड़े उत्साह के साथ 'पंथी' नृत्य किया जाता है। इसमें गुरु घासीदास बाबा के वाणी-वचनों, उनके जीवन चरित्र और उनके प्रति अपनी भावनाओं को विशेष गीत-संगीत और नृत्य के साथ पारंपरिक ढंग से गाया जाता है।

तोर चंदन खड़उ के भजत हौं सतनाम,
आरती ल लेले अपन जान के।
आरती ल लेले अपन जान के बाबा,
आरती ल लेले गरीब जान के॥

गुरु घासीदास के पंथ से ही 'पंथी' नृत्य का नामकरण हुआ है। 'पंथी' गीत आम छत्तीसगढ़ी बोली में होते हैं, जिनके शब्दों और संदेशों को साधारण से साधारण व्यक्ति भी सरलता से समझ सकता है। पंथी नृत्य जितना मनमोहक एवं मनोरंजक है, इसमें उतनी ही आध्यात्मिकता की गहराई और भक्ति का ज्वार भी है। इसमें रमें नर्तक-वादक और गायक ही नहीं उन्हें देख-सुन रहा जन समूह भी मंत्रमुग्ध हो जाता है।



 पंथी के सुर-संगीत और शब्दों की तरंगें रोम-रोम को झंकृत कर देती हैं। उन तरंगों पर सवार होकर जीव, पारलौकिक संसार में गोता लगाते हुए परम सत्य से साक्षात्कार को आतुर हो जाता है। बाबा के कई अनुयायी महिला-पुरुष तो अपना सुध-बुध खोकर समाधि की सी स्थिति में पहुंच जाते हैं और पंथी की धुन पर झूमने लगते हैं।

 छत्तीसगढ़ी बोली को नहीं जानने-समझने वाले देश-विदेश के लोग भी देवदास बंजारे और उनके साथियों का पंथी देख खो सा जाते थे। श्री बंजारे अब नहीं रहे, लेकिन यह उनकी और उनके साथियों की साधना, परिश्रम और लगन का परिणाम है कि 'पंथी' आज देश-विदेश में प्रतिष्ठित है। 

छत्तीसगढ़ में तो हर सतनामी बहुल बस्ती में पंथी नर्तकों की टोलियां बन गई हैं। कई प्रतिभावान युवा इस नृत्य की साधना में जुटे हुए हैं, हालांकि देवदास बंजारे जैसी ख्याति किन्ही अन्य को अब तक नहीं मिली।

  'पंथी' सतनाम पंथ की सरस काव्य धारा है, जिसमें नृत्य और संगीत भी है। यह भक्ति के भावों का अविरल प्रवाह है। संत गुरु घासीदास बाबा की आराधन का साधन है। सतनाम पंथ के पथिकों का सहारा है।

- ललित मानिकपुरी, महासमुंद (छ.ग.)

बारात से न बिगड़े बात


पौराणिक कथा है कि भगवान शंकर की बारात भूतों की बारात थी। देवता भी गए थे पर उनसे अलग-थलग थे। इस बारात का वर्णन कथा वाचक बड़े रोचक ढंग से करते हैं जिसमें बड़ा ही आनंद आता है। बारात शब्द में ही आनंद है। किन्तु आजकल बारात का जो स्वरूप अक्सर सामने आता है, उसे देखकर-सुनकर आनंद नहीं आता, बल्कि दुख ही होता है। भगवान शंकर के बाराती बने भूत-पिशाच अपनी तमाम अजीबोगरीब हरकतों के बावजूद मर्यादा में थे और यह बारात एक मिसाल बन गई। लेकिन आजकल के बाराती तो भूत पिशाचों को भी शर्मशार कर दें। शराब पीकर अमर्यादित व्यवहार करना, छेड़छाड़, लड़ाई-झगड़ा करना तो आम हो गया है। वे घरातियों को नीचा दिखाने के लिए उनका अपमान करने से भी नहीं चूकते। गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ तक करते हैं। ऐसे बारातियों की हरकतों से जहां घराती पक्ष को नुकसान उठाना पड़ता है वहीं बाराती पक्ष को भी शर्मिंदा होना पड़ता है। कई बार ऐसे बारातियों की उन्हीं के अंदाज में जमकर खातिरदारी भी की जाती है, लेकिन अमूमन घराती पक्ष के लोग सामाजिक मान-मर्यादा का ध्यान रखते हुए बात बिगड़ने से रोकने की पूरी कोशिश करते हैं और बारातियों की हर अनैतिक हरकतों को अनदेखा कर देते हैं। कई बार बात वाकई बिगड़ जाती है और एक पवित्र रिश्ता बनने से बनने से पहले से टूट जाता है या रिश्तों में जिंदगी भर के लिए कड़ुवाहट घुल जाती है। मेरे विचार से बारात में शिष्ट लोगों को ही ले जाएं, जो विवाह के आदर्श साक्षी बनें और जिनकी उपस्थिति से दोनों पक्ष गौरवान्वित व आनंदित हों। बांकी लोगों को चाहें तो अपने रिसेप्शन में बुला सकते हैं।

गरीबी में बीमारी की गुंजाईश कहाँ


दुनिया में जीवन विज्ञान कहां से कहां पहुंच गया है। ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देते हुए लैब में जीवन की रचना कर रहा है। चिकित्सा विज्ञान की उपलब्धियों को देख-सुनकर लगता है कि अब बीमारियों पर विजय पाना आसान हो गया है। यह भी दावे किए जा रहे हैं कि एक दिन विज्ञान के सहारे इंसान बुढ़ापा और मृत्यु को भी जीत लेगा। वर्तमान की ही बात करें तो बीमारियों की जांच और उपचार में आश्चार्यजनक ढंग से उपयोगी तरह-तरह की मशीनों और चिकित्सा रहस्यों को सुलझाने वाले विद्वान डॉक्टरों से अस्पताल लैस हैं। नए-नए प्रयोगों से इजाद की गई दवाएं बनाने वाली फैक्टियों की भरमार है। वहीं शरीर के नख से लेकर सिर तक तक बाहरी-भीतरी सभी अंगों व उसके रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की फौज है। सचमुच में स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधाओं में हम इतनी तरक्की कर चुके हैं कि कल तक जिन बीमारियों का नाम सुनते ही चेहरे से हवाइयां उड़ जाती थीं, उन बीमारियों के होने को भी लोग अब सहजता से लेने लगे हैं। पर कौन लोग? वे जिनके पास पैसा है इलाज के नाम पर लुटाने के लिए। सब जानते हैं कि आज इलाज के नाम पर किस कदर लूट मची हुई है। आम आदमी तो अस्पताल का नाम सुनकर ही थर्रा जाता है। फिर भी बीमारी से बच नहीं पाता और अस्पताल पहुंच ही जाता है। फिर क्या, उपलब्धियों की ऊंचाइयां छू रहा चिकित्सा विज्ञान मरीज की जेबें खंगालना शुरू कर देता है।
लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा कहती है कि राज्य को अपने नागरिकों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। इसका सम्मान करते हुए वर्तमान में सरकारें भी  स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधा के नाम पर अरबों-खरबों रुपए खर्च कर रही है। लेकिन  आम जनता को इसका कितना फायदा मिल पा रहा है? सरकारी अस्पतालों की दशा ऐसी है कि आदमी नरक  जाना पसंद करे, पर वहां नहीं। आम आदमी गरीबी और बीमारी से जूझते हुए कैसे जीता  है, यह तो वहीं जानता है। यह जरूर है कि इसे उसके जैसे लाखों करोड़ों लोग रोजाना महसूस करते हैं, लेकिन वे लोग महसूस नहीं कर पाते जिनके हाथों में इसका उपचार है।
गरीबी वाकई आदमी के लिए सबसे बड़ी बीमारी है। इस पर और किसी बीमारी के लिए कोई गुंजाईश नहीं बचती। गरीबी में कोई और बीमारी हो जाए तो समझिए आखिरी दिन आ गए।

शनिवार, 7 मई 2011

बहुविवाह और ओसामा

 बहु विवाह प्रथा का मै निंदक नहीं हूँ और न ही समर्थक हूँ , पर अचानक ओसामा का इतिहास अखबारों से जानने के बाद इस पर चर्चा करने का मन कर रहा है . मुझे लगता है कि ओसामा के पिता ने इस कदर शादियाँ न की होती तो दुनियां का इतिहास कुछ और होता . ओसामा उस औरत की संतान था जो उसके पिता की नौवी और उपेछित बीवी थी. ओसामा अपने पिता की पचासवीं संतान था और जब वह पैदा हुआ तब उसके बड़े भाई की उम्र 52 साल थी. 277 लोगों का परिवार एक साथ रहता था. कितना विचित्र लगता है कि यह जान कर कि ओसामा अपने सगे भाई बहनों को भी नहीं पहचानता था. परिवार कि उपेक्छा किसी भी बच्चे के मन मस्तिस्क पर गहरा असर करती हैं और उसका प्रभाव आगे चलकर भयावह रूप में सामने आता है. जैसे ओसामा आतंक का दूसरा नाम बन गया.     

गुरुवार, 5 मई 2011

 आज ब्लॉग पर मेरे लेखन की शुरुआत हो रही है.